धूमधाम से मनाया गया दीपावली और कालीपूजा का पर्व, दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
गुवाहाटी,9 नवंबर, शहर भर में दीपावली और श्री श्री श्यामा कालीपूजा का त्यौहार अत्यंत उत्साह, श्रद्धा और धूमधाम के साथ पूरे राज्य में मनाया गया। अमंगल का नाश कर जीवन में सुख-समृद्धि की कामना के साथ श्रद्धालुओं ने देर रात तक मां काली की पूजा-अर्चना की।
संध्या ढलते ही पूरा राज्य दीयों, रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक आतिशबाजी से जगमगा उठा। मुख्य पूजा मंडपों और ऐतिहासिक मंदिरों में स्थापित मां काली की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भव्य पंडालों की साज-सज्जा और विद्युत सज्जा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पुष्पांजलि अर्पित कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा महाप्रसाद ग्रहण किया।
त्यौहार के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पूजा समितियों द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए थे। देर रात तक भक्ति गीतों, ढाक की थाप और 'जय मां काली' के जयकारों से संपूर्ण वातावरण गुंजायमान रहा।




No comments