दीपावली की खुशियों के बीच पांडु रेलवे स्टोर विभाग में भीषण आग
गुवाहाटी, 10 नवंबर: दीपावली के उत्सव और खुशियों के बीच गुवाहाटी के पांडु स्थित रेलवे स्टोर विभाग में एक भीषण आग लग गई। स्टोर के अंदर रखी रेलवे की पुरानी और कबाड़ (परित्यक्त) सामग्रियों में आग लगने से काफी नुकसान हुआ है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बाहर से कोई जलता हुआ पटाखा स्टोर विभाग के अंदर आ गिरा, जिसकी वजह से आग सुलगी। देखते ही देखते आग तेजी से रेलवे के विभिन्न कबाड़ सामानों में फैल गई।
सूचना मिलते ही पांडु अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस अग्निकांड में रेलवे का काफी सामान क्षतिग्रस्त होने की खबर है। घटना के बाद इलाके में अफ़रा-तफ़री और सनसनी का माहौल बन गया।


No comments