कामाख्या धाम पहुंचे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मां कामाख्या का लिया आशीर्वाद
गुवाहाटी, 11 मईः असम में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले नीलांचल पहाड़ी स्थित प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर श्रद्धालुओं, नेताओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है। देश के विभिन्न राज्यों से भाजपा के कई वरिष्ठ नेता असम पहुंच रहे हैं और मां कामाख्या का आशीर्वाद ले रहे हैं।
इसी क्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी कामाख्या धाम पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां कामाख्या का आशीर्वाद लिया और राज्य तथा देश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु भी मौजूद रहे।
मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मां कामाख्या की कृपा से देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत दिशा में आगे बढ़ रहा है और पूर्वोत्तर भारत विकास के नए अध्याय लिख रहा है।
उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में असम तेज़ी से विकास कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मां कामाख्या के आशीर्वाद से राज्य में फिर एक मजबूत और जनहितैषी सरकार का गठन होगा।
कामाख्या धाम में नेताओं के लगातार आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं के साथ-साथ भाजपा समर्थकों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।

No comments