चलचित्रम का दसवां राष्ट्रीय लघु फ़िल्म महोत्सव कल से
गुवाहाटी,22 ऑक्टोबर: विश्व संवाद केंद्र के एक सहयोगी संगठन 'चलचित्रम' का दसवां राष्ट्रीय चलचित्रम लघु फिल्म महोत्सव आगामी 24 और 25 अक्टूबर को गुवाहाटी के काहिलीपारा स्थित ज्योति चित्रबन फिल्म परिसर में आयोजित किया जाएगा।
चलचित्रम के अध्यक्ष नव ठाकुरिया और सचिव भगवत प्रीतम ने जानकारी दी है कि इस महोत्सव में प्रतियोगिता और केवल प्रदर्शन श्रेणियों के अंतर्गत कुल 45 लघु फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि यह महोत्सव पूर्वी भारत के फिल्म प्रेमियों, समीक्षकों तथा निर्माता-निर्देशकों के लिए एक अनूठा अवसर लेकर आएगा।
भारतीय राष्ट्रवाद की भावना से ओतप्रोत और भारत की हजारों साल पुरानी सभ्यता, संस्कृति तथा विरासत के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने वाली फिल्में इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण होंगी।
विश्व संवाद केंद्र, असम के सहयोगी संगठन 'चलचित्रम' के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का मुख्य विषय 'हमारी विरासत, हमारा गौरव' है।
आगामी 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्देशक डॉ. सांत्वना बरदलै महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ करेंगी।
तथ्य यह है कि कलाकारों, फिल्म समीक्षकों और फिल्म निर्माताओं से बनी जूरी ने आठ श्रेणियों में विजेता फिल्मों का चयन कर लिया है। महोत्सव में प्रतिष्ठित फिल्म हस्तियों और फिल्म प्रेमियों की उपस्थिति में विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र और नकद राशि से पुरस्कृत किया जाएगा।

No comments