गुवाहाटी दुर्गा पूजा के दौरान 100 से अधिक सड़क हादसे, 9 लोगों की मौत
गुवाहाटी 22 अक्टूबर: त्योहारों के मौसम में गुवाहाटी में तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसों का सिलसिला सामने आया है। इस वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान 16 अक्टूबर से 21 अक्टूबर के बीच गुवाहाटी में 100 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं।
अस्पताल से मिले आंकड़ों के अनुसार, इन 6 दिनों के भीतर दुर्घटनाग्रस्त कुल 114 लोगों को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) लाया गया। इनमें से 9 लोगों को अस्पताल लाते ही मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल 82 घायलों का इलाज GMCH में चल रहा है, जिनमें 67 पुरुष और 15 महिलाएं शामिल हैं।
आंकड़ों से यह भी खुलासा हुआ है कि पीड़ित लोगों में से अधिकांश की उम्र 15 से 30 वर्ष के बीच थी। इसके अलावा, 5 से 15 वर्ष की आयु के 11 बच्चे भी हादसों के शिकार हुए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, चार पहिया वाहनों की तुलना में दोपहिया वाहनों की दुर्घटनाएं अधिक दर्ज की गईं।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार दुर्गा पूजा के दौरान दुर्घटनाओं के मामलों में 15% की कमी देखी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सड़कों पर सुरक्षा नियमों का पालन करें और तेज रफ्तार से बचें।
No comments