असम के राज्यपाल ने वाइब्रेंट विलेज एवं एसएसबी सीमा चौकी का किया भ्रमण
तामूलपुर 10 अक्टूबर 2026: माननीय राज्यपाल, असम, श्री लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को तामूलपुर जिला अंतर्गत वाइब्रेंट विलेज, पाटकीजुली के हाई स्कूल एवं एसएसबी 64 वीं वाहिनी की सीमा चौकी दरंगा का भ्रमण किया । इस अवसर पर श्री सुधीर वर्मा, महानिरीक्षक, सीमांत गुवाहाटी ने माननीय राज्यपाल महोदय को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
पाटकीजुली हाई स्कूल में माननीय राज्यपाल ने एसएसबी द्वारा आयोजित मानव चिकित्सा कल्याण कार्यक्रम तथा मिलेट्स स्टॉल का अवलोकन किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए विद्यार्थियों के साथ पौधरोपण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकें एवं खेलकूद सामग्री वितरित की तथा उनके उत्साहवर्धन के लिए आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर माननीय राज्यपाल ने 64 वीं वाहिनी एसएसबी द्वारा प्रायोजित 20 स्थानीय छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक भ्रमण दल को झंडा दिखाकर रवाना किया।
तत्पश्चात माननीय राज्यपाल महोदय ने एसएसबी सीमा चौकी दरंगा का भ्रमण किया, जहाँ उन्हें सैन्य परंपरा के अनुरूप गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया । इसी क्रम में उन्होंने परिसर में पौधरोपण किया तथा अधिकारियों एवं जवानों के साथ सैनिक सम्मेलन के माध्यम से संवाद किया। इस दौरान श्री सुधीर वर्मा, महानिरीक्षक ने सीमांत की प्रचालानात्मक गतिविधियों, उपलब्धियों तथा सीमावर्ती लोगों के लिए एसएसबी द्वारा किए जा रहे कल्याणकारी कार्यों पर प्रकाश डाला।
माननीय राज्यपाल ने जवानों के साथ बड़ा खाना, जो बल के भीतर आपसी सौहार्द, एकजुटता एवं सामूहिक भावना का प्रतीक है, में शामिल होकर जवानों का उत्साहवर्धन किया ।
राज्यपाल महोदय का यह भ्रमण शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में एसएसबी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करने के साथ-साथ सीमावर्ती समुदायों के साथ बेहतर समन्वय एवं विश्वास को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों, स्थानीय समुदाय एवं एसएसबी के बीच सहयोग, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित किया।
श्री सुधीर वर्मा, महानिरीक्षक सीमांत गुवाहाटी ने इस भ्रमण के लिए माननीय राज्यपाल महोदय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की ।
समारोह में श्री विश्वजीत दाईमारी, मंत्री असम सरकार, श्री गणेश कच्छारी एग्जीक्यूटिव मिनिस्टर बीटीसी, श्री विक्टर दास स्थानीय एमएलए, तामुलपुर के जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, एसएसबी के उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार, श्री नीरज चंद, कमांडेंट श्री अनुज कुमार एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे l


No comments