“मिशन क्वीन अनानास” का शुभारंभ... केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने किया शुभारंभ
त्रिपुरा,28 मई: उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास और संचार विभाग के केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने बुधवार शाम “मिशन क्वीन अनानास” का शुभारंभ किया। त्रिपुरा के विश्वप्रसिद्ध “क्वीन अनानास” को केंद्र में रखकर शुरू की गई इस विशेष पहल को राज्य का एक महत्वपूर्ण कृषि-आधारित अभियान माना जा रहा है।
इस मिशन का उद्देश्य त्रिपुरा के “क्वीन अनानास” के उत्पादन, मूल्य संवर्धन, विपणन और निर्यात की संभावनाओं को और अधिक मजबूत बनाना है। उम्मीद जताई गई है कि यह योजना किसानों की आय बढ़ाने, कृषि-आधारित उद्योगों के विकास तथा राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
त्रिपुरा का “क्वीन अनानास” अपने स्वाद, सुगंध और उच्च गुणवत्ता के कारण देश-विदेश में काफी लोकप्रिय है। “मिशन क्वीन अनानास” के माध्यम से इस विशेष कृषि उत्पाद की ब्रांड वैल्यू बढ़ाने, नए बाजार तैयार करने और किसानों को अधिक लाभकारी अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि त्रिपुरा का “क्वीन अनानास” राज्य में स्थानीय रूप से उत्पादित एक विशेष किस्म का अनानास है। यह त्रिपुरा का राजकीय फल भी है। त्रिपुरा का क्वीन अनानास कांटेदार तथा नारंगी-पीले रंग का होता है। इस फल का औसत वजन लगभग 761 ग्राम होता है।
15 नवंबर 2014 को भारत सरकार के भौगोलिक संकेतक (GI) पंजीकरण कार्यालय ने त्रिपुरा के क्वीन अनानास को भौगोलिक मान्यता प्रदान की थी।

No comments