पांडु में टीबी कैंपेनिंग एवं आयुष्मान आरोग्य जागरूकता शिविर सम्पन्न
गुवाहाटी, 22 मई : पांडु में 100 दिवसीय टीबी कैंपेनिंग कार्यक्रम के तहत आयुष्मान आरोग्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। पांडुनाथ आयुष्मान आरोग्य मंदिर तथा एनएफ रेलवे मालिगांव केंद्रीय अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में पांडुनाथ मिलन पुथि भराल एवं कला-कृष्टि केंद्र में इस जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कामरूप मेट्रो महानगर के टीबी अधिकारी डॉ. मृदुल भारती नाथ, एनएफ रेलवे मालिगांव केंद्रीय अस्पताल के डॉ. मानिक मेधी तथा पांडुनाथ आयुष्मान आरोग्य मंदिर की डॉ. रिंकु दास उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एक जागरूकता पदयात्रा भी निकाली गई। पांडु रेलवे अस्पताल से शुरू हुई इस पदयात्रा में अस्पताल कर्मियों ने टीबी, मलेरिया सहित विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने वाले प्लेकार्ड लेकर भाग लिया। यह पदयात्रा पांडुनाथ मिलन पुथि भराल एवं कला-कृष्टि केंद्र में जाकर समाप्त हुई। इसमें लगभग पचास से अधिक अस्पताल कर्मियों एवं स्थानीय निवासियों ने भाग लिया।
शिविर में डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, एचआईवी/एड्स, मलेरिया, डेंगू तथा एन्सेफलाइटिस सहित विभिन्न बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई। लगभग सौ से अधिक लोगों ने इस स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाया।




No comments