Header Ads

https://drive.google.com/file/d/1KYvwcVfpdZA0pOa_z8Gqbqub5aWa8YEk/view?usp=sharing.jpg

पीएम ने गुवाहाटी में किए सौ ग्रीन ई-बसों का भव्य शुभारंभ


 
गुवाहाटी , 14 फरवरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार  आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की पीएम ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत गुवाहाटी में सौ ग्रीन ई-बसों का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के अन्य शहरों को भी स्वच्छ एवं आधुनिक परिवहन व्यवस्था से जोड़ते हुए वर्चुअल माध्यम से नागपुर में पचास, भावनगर में पचास तथा चंडीगढ़ में पच्चीस ई-बसों को भी हरी झंडी दिखाई। इस पहल को देश में हरित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


गुवाहाटी में शुरू की गई सौ ग्रीन ई-बसों में से साठ बसें ग्रीन कॉरिडोर के रूप में संचालित की जाएंगी। ये बसें खानापारा से धारापुर तथा बशिष्ठ से धारापुर तक नियमित रूप से चलेंगी, जिससे शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में सहायता मिलेगी। शेष चालीस बसें गुवाहाटी से मिर्जा, नलबाड़ी, बाईहाटा, मंगलदई और जागीरोड तक संचालित की जाएंगी। इससे आसपास के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी सस्ती, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
सरकार द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इन ग्रीन बसों का किराया वर्तमान में महानगर में चल रही इलेक्ट्रॉनिक बसों के समान ही रहेगा, जिससे आम यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। वर्तमान में गुवाहाटी में 371 इलेक्ट्रॉनिक बसें संचालित हो रही हैं और उनके संचालन के लिए पर्याप्त आधारभूत संरचना पहले से ही उपलब्ध है।


इसके अतिरिक्त चार्जिंग स्टेशन, सर्विसिंग स्टेशन तथा वर्कशॉप की भी समुचित व्यवस्था की गई है। अधिकारियों के अनुसार, बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए इन सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ और आधुनिक बनाया जाएगा।
यह पहल न केवल प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि इससे ईंधन की बचत, कार्बन उत्सर्जन में कमी और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में भी सहायता मिलेगी। केंद्र सरकार का उद्देश्य देश के प्रमुख शहरों में चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाकर सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह हरित और टिकाऊ बनाना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत शुरू की गई यह पहल शहरी परिवहन व्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होगी और भविष्य में अन्य शहरों के लिए भी एक आदर्श मॉडल बनेगी।

No comments

Powered by Blogger.