कामाख्या शक्तिपीठ में पहुँचीं प्रियंका गांधी, माता का लिया आशीर्वाद
गुवाहाटी 19 फरवरी:: कांग्रेस की वरिष्ठ नेतृी प्रियंका गांधी आज असम के प्रसिद्ध शक्तिपीठ कामाख्या मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुँचीं। वे बरझार स्थित लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतरने के बाद सीधे कामाख्या धाम के लिए रवाना हो गईं।
मंदिर परिसर में उनके आगमन को लेकर उत्साह का वातावरण देखा गया। प्रियंका गांधी ने माँ कामाख्या के चरणों में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर उनके साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव जितेंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस के विशेष पर्यवेक्षक विकास उपाध्याय तथा पर्यवेक्षक भूपेश बघेल सहित कई केंद्रीय नेता उपस्थित रहे।
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई और विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया भी इस दौरान मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने भी उनका साथ दिया।
कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद नेताओं ने इसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। प्रियंका गांधी का यह दौरा धार्मिक आस्था और राजनीतिक महत्व दोनों ही दृष्टियों से अहम माना जा रहा है।

No comments