माँ कामाख्या के दरबार में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन
गुवाहाटी, 27 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज सुबह असम के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ कामाख्या मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर देवी माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया। आध्यात्मिक आस्था और श्रद्धा के साथ वे पावन नीलाचल पहाड़ी स्थित इस ऐतिहासिक शक्तिपीठ में पहुंचे, जहाँ उन्होंने माँ कामाख्या के श्रीचरणों में विशेष पूजा-अर्चना अर्पित की।
सुबह के शांत वातावरण में नितिन नवीन ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा कर देश, संगठन और जनकल्याण के लिए मंगलकामना की। माँ कामाख्या मंदिर, जो न केवल असम बल्कि पूरे देश के लिए एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र है, वहाँ उनकी उपस्थिति ने भक्तों और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह उत्पन्न किया।
इस अवसर पर नितिन नवीन के साथ असम प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान कैबिनेट मंत्री रणजीत दास भी मौजूद रहे। उनके साथ-साथ असम सरकार के कैबिनेट मंत्री जयंत मल्ल बरुआ ने भी माँ कामाख्या के दरबार में उपस्थित होकर पूजा में भाग लिया। सभी नेताओं ने माँ के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित कर प्रदेश और राष्ट्र की समृद्धि की कामना की।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन असम राज्य भाजपा की कार्यकारिणी बैठक में भाग लेने के लिए कल ही गुवाहाटी पहुंचे थे। संगठनात्मक कार्यक्रमों के बीच उन्होंने अपने प्रवास की शुरुआत माँ कामाख्या के दर्शन और पूजा से की, जिसे पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक शुभ संकेत के रूप में देखा।
मंदिर परिसर में पूजा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे, वहीं स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी नेताओं की उपस्थिति का स्वागत किया। धार्मिक आस्था और संगठनात्मक प्रतिबद्धता का यह संगम भाजपा नेतृत्व की सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ाव को दर्शाता है। माँ कामाख्या के आशीर्वाद के साथ नितिन नवीन का यह दौरा असम भाजपा के लिए एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।



No comments