हल्की बारिश में ही जलमग्न मालीगांव का सती जयमती नगर, 6 नंबर बाई लेन बेहाल
गुवाहाटी 7 जुलाई: महानगर के मालीगांव अंतर्गत सती जयमती नगर (वार्ड नंबर २) के 6 नंबर बाई लेन में हल्की सी बारिश होते ही भारी जलजमाव की स्थिति पैदा हो जाती है। लंबे समय से बनी इस समस्या के कारण स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को हो रही है, जिन्हें रोजाना इस बदबूदार और गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। इससे जहां एक तरफ आवाजाही में दिक्कत हो रही है, वहीं दूसरी तरफ गंभीर बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सड़क के किनारे उचित जल निकासी (ड्रैनेज सिस्टम) की व्यवस्था न होने के कारण मामूली बारिश में भी पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। यह गंदा पानी लंबे समय तक सड़क पर ही जमा रहता है, जिससे पैदल चलना भी दूभर हो जाता है। रोजाना दफ्तर जाने वाले लोग, बुजुर्ग, महिलाएं और स्कूल-कॉलेज के छात्र इसी बदबूदार पानी से होकर जाने को मजबूर हैं।
एरिया के लोगों का कहना है कि उन्होंने इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार स्थानीय पार्षद (काउंसलर) का ध्यान आकर्षित किया है। लेकिन शिकायत के बावजूद, हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर इस मामले को टाल दिया गया। समस्या के स्थायी समाधान के लिए अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को सालों से इस नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
मानसून की शुरुआत के साथ ही स्थिति और भी भयावह हो गई है। जलजमाव के कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैलने का डर भी सता रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यदि जल्द ही कोई कदम नहीं उठाया गया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी बदतर हो सकती है।
इस विकट स्थिति को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने सरकार से जल्द से जल्द इस मामले में हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है। उनकी मांग है कि सड़क की मरम्मत कराई जाए और एक बेहतर ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाए, ताकि आने वाले समय में इस समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल सके। प्रशासन से अब स्थानीय लोगों को बस एक ही उम्मीद है कि वे इस दीर्घकालिक समस्या का जल्द से जल्द कोई स्थायी समाधान निकालेंगे।



No comments