मुख्यमंत्री ने ली मा कामाख्या की आशीष
गुवाहाटी, 12 मईः मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने नीलाचल पहाड़ पर स्थित मां कामाख्या के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंदिर पहुंचकर देवी के श्रीचरणों में माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। मां कामाख्या के दर्शन के साथ ही उन्होंने अपने तीसरे दिन के सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने मंदिर परिसर में पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और भाजपा समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर के आसपास व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया था। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया।
मां कामाख्या के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “ मां कामाख्या की असीम कृपा से ही उन्हें दूसरी बार राज्य की सेवा मुख्य सेवक के रूप में करने का अवसर मिला है।” उन्होंने कहा कि मां के आशीर्वाद से ही वे लगातार जनता के कल्याण के लिए कार्य कर पा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वे अपने दूसरे कार्यकाल के लिए मां कामाख्या का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं और देवी से असम की जनता के सुख-समृद्धि तथा राज्य के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की है। उन्होंने मां से सभी लोगों को सुरक्षित और स्वस्थ रखने की कामना भी की।
मंदिर परिसर में पूजा के दौरान धार्मिक वातावरण अत्यंत भक्तिमय बना रहा। वैदिक मंत्रोच्चार और घंटियों की ध्वनि के बीच मुख्यमंत्री ने देवी की आराधना की। इस अवसर पर कई मंत्री, भाजपा नेता और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि शक्ति की अधिष्ठात्री मां कामाख्या का मंदिर देश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक माना जाता है। यहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा भी समय-समय पर मां कामाख्या के दर्शन कर राज्य की खुशहाली और शांति की कामना करते रहे हैं।



No comments