नगांव और होजाई जिलों के लिए दो दिवसीय जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 3 और 4 जून को
नगांव, असम 30 मई: पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी नगांव जिले के सामगुड़ी स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आगामी 3 और 4 जून को दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत नगांव और होजाई जिलों के लिए जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार की भावना तथा रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है।
इस वर्ष प्रदर्शनी का मुख्य विषय “विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित (STEM for Vikshit and Atmanirbhar Bharat)” निर्धारित किया गया है। इस विषय के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नए विचार प्रस्तुत करने और देश के विकास में अपनी भूमिका को समझने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम में नगांव और होजाई जिलों के सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा राज्य बोर्ड से संबद्ध निजी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में कक्षा छह से बारहवीं तक अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे। प्रदर्शनी के माध्यम से विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को एक साझा वैज्ञानिक मंच उपलब्ध कराया जाएगा, जहां वे अपने नवाचारी मॉडल, परियोजनाएं और वैज्ञानिक अवधारणाएं प्रस्तुत कर सकेंगे।
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) के दिशा-निर्देशों और परामर्श के अनुसार आयोजित इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों की वैज्ञानिक अभिरुचि, अनुसंधान क्षमता, तार्किक सोच तथा सृजनात्मक दृष्टिकोण को विकसित करना है। साथ ही यह आयोजन उन्हें विज्ञान एवं गणित के क्षेत्र में नई संभावनाओं से परिचित कराने का भी प्रयास करेगा।
दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन, 3 जून को बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें छात्र-छात्राएं अपने वैज्ञानिक मॉडल और परियोजनाओं का प्रदर्शन करेंगे। वहीं दूसरे दिन, 4 जून को विज्ञान और गणित विषयों पर एक शैक्षिक परिचर्चा (सेमिनार) आयोजित होगी, जिसमें विशेषज्ञों और शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाएगी।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रभारी प्राचार्य अंजन बोरा ने नगांव और होजाई जिलों के सभी इच्छुक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा अभिभावकों से इस दो दिवसीय कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी की सहभागिता से यह वैज्ञानिक प्रदर्शनी सफल होगी और विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होगा।
No comments