भारी तूफान में ब्रह्मपुत्र के बीच फंसी यात्री फेरी, बड़ा हादसा
हाटसिंगिमारी,25 अप्रैल तूफ़ान में ब्रह्मपुत्र के बीच फाँसी यात्री फेरी।शनिवार सुबह प्रचंड तूफान और तेज बारिश के बीच ब्रह्मपुत्र नदी में एक यात्री-भरी फेरी बीच धारा में फंस गई, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हाटशिंगिमारी से धुबरी की ओर जा रही यह फेरी सुबह लगभग 9 बजे अचानक खराब मौसम की चपेट में आ गई। घटना के दौरान करीब आधे घंटे तक यात्रियों को भयावह स्थिति का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, फेरी में लगभग डेढ़ सौ यात्री सवार थे। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं थे, जिससे स्थिति और चिंताजनक हो गई। अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। तेज लहरों और बवंडर जैसी हवा के कारण फेरी नदी के बीचों-बीच बुरी तरह डगमगाने लगी। इस दौरान कई यात्री घबराकर प्रार्थना करने लगे, जबकि कुछ ने मदद के लिए आवाजें भी उठाईं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक दल ने सूझबूझ का परिचय दिया और फेरी को धीरे-धीरे किनारे की ओर मोड़ने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद फेरी को सुरक्षित रूप से ब्रह्मपुत्र के किनारे लाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान बच गई।
बाद में मौसम थोड़ा शांत होने पर फेरी को फिर से धुबरी के लिए रवाना किया गया। इस घटना ने नदी परिवहन में सुरक्षा उपायों की कमी को उजागर किया है और प्रशासन से सख्त निगरानी की मांग उठने लगी है।
No comments