मालिगांव में मैनहोल में गिरने से एक महिला की मौत
मालिगांव, 20 :अप्रैल: मालीगांव में मैनहोल में गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। उल्लेखनीय है कि रविवार शाम से लेकर देर रात तक लगातार बरसात के कारण गुवाहाटी महानगर के आसपास के इलाके कृत्रिम बाढ़ से जलमग्न हो गए, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
इस बीच पांडु और मालिगांव के कई क्षेत्र पानी में डूब गए। पांडु बीबीसी कॉलोनी, पांडु बाजार, जयमति नगर, आनंद नगर, कामाख्या नगर और बड़िपाड़ा में घरों और सड़कों पर सुबह तक पानी भरा रहा।
रात के समय लगातार बारिश के दौरान मालिगांव में एक महिला पैदल फुटपाथ से गुजरते समय उफनते नाले के एक खुले कलवर्ट (मैनहोल) में गिर गई। घटना को लदेखकर वहां मौजूद लोगों ने तुरंत जालुकबाड़ी पुलिस को सूचना दी। मौके पर जालुकबाड़ी पुलिस और एचडीआरएफ की टीम पहुंची। सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण बचाव कार्य में कठिनाई हुई। कई घंटों की कोशिश के बाद महिला को घटनास्थल से करीब 150-200 मीटर दूर नाले से बाहर निकाला गया।
उसे तुरंत पांडु एफआरयू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका का नाम पायल नाथ (36) है। उनके पति का नाम प्रांजल दास है और वे आजरा थाना क्षेत्र के मजार गांव के निवासी बताए जाते हैं।
परिवार के अनुसार, पायल नाथ क्रिश्चियन बस्ती में एक ज्वेलरी दुकान में काम करती थीं। काम खत्म कर वह अपनी एक दोस्त के साथ घर लौट रही थीं। लगातार बारिश के कारण वे मालिगांव में उतरकर पांडु स्थित अपनी दोस्त के घर रुकने का फैसला करती हैं और घर पर फोन कर इसकी जानकारी भी देती हैं। दोस्त के साथ फुटपाथ से जाते समय वह मैनहोल में गिर गईं। दोस्त के चिल्लाने पर स्थानीय लोग इकट्ठा हुए और बचाने की कोशिश की।
बचाव कार्य के दौरान गुवाहाटी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के आयुक्त चिन्मय फुकन, एडीसी राजा वैश्य, पार्षद अजय चक्रवर्ती, एनडीआरएफ और जीएमसी के कर्मचारी भी मौजूद थे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जीएमसी द्वारा नालों की सफाई के दौरान कई कलवर्ट के ढक्कन तोड़ दिए जाते हैं और उन्हें ठीक से ढका नहीं जाता। लगातार बारिश और पहाड़ी इलाकों से तेज बहाव के कारण पानी सड़कों और फुटपाथों पर बहता है, जिससे आम लोगों को भारी जोखिम का सामना करना पड़ता है।
मालिगांव में हर साल बारिश के दौरान कृत्रिम बाढ़ की समस्या होती है, लेकिन सरकार की ओर से नाला सफाई के अलावा कोई ठोस कदम अब तक नहीं उठाया गया है। कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि अव्यवस्थित ड्रेनेज व्यवस्था के कारण आम लोगों को परेशानी और जान का नुकसान उठाना पड़ता है।
सोमवार सुबह पायल नाथ के शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच)भेजा गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

No comments