Thursday, May 21, 2026

२२ जून से शुरू होगा महाअंबुबाची मेला, २६ जून को खुलेंगे माँ कामाख्या मंदिर के द्वार


 
गुवाहाटी, 21 मई : शक्तिपीठ कामाख्या मंदिर में इस वर्ष का बहुप्रतीक्षित महाअंबुबाची मेला आगामी २२ जून से आरंभ होने जा रहा है। नीलाचल पहाड़ी स्थित माँ कामाख्या धाम में आयोजित होने वाला यह आध्यात्मिक और तांत्रिक महत्व का पर्व देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं और साधु-संतों के आकर्षण का केंद्र माना जाता है।


मंदिर प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, २२ जून की रात ९ बजकर १० मिनट पर देवी के वार्षिक ऋतु-काल की प्रवृत्ति मानी जाएगी। इसके साथ ही माँ कामाख्या मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाएंगे। २३, २४ और २५ जून तक मंदिर के द्वार पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। इसके बाद २६ जून की सुबह विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात मंदिर के कपाट पुनः भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।


अंबुबाची मेले को लेकर नीलाचल पहाड़ी पर अभी से तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सेवा, सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन और मंदिर प्रबंधन सक्रिय हो गया है। हर वर्ष की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना जताई जा रही है।
विशेष बात यह है कि अंबुबाची मेले के लगभग एक माह पूर्व से ही देश के विभिन्न हिस्सों से साधु-संतों, तांत्रिकों और नागा साधुओं का नीलाचल आगमन शुरू हो जाता है। मेले के दौरान पूरा कामाख्या धाम भक्तिमय वातावरण में डूब जाता है। तंत्र साधना और शक्ति उपासना के इस महापर्व को देखने और माँ कामाख्या का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।


मंदिर प्रबंधन समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन द्वारा भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई और यातायात संचालन के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है ताकि महाअंबुबाची मेला शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

No comments:

Post a Comment